
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
श्रावस्ती: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावस्ती में एक सभा को संबोधित करते हुए कड़े शब्दों में उन लोगों को चेतावनी दी जो हिंदू पर्वों और त्योहारों के दौरान अशांति फैलाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग ऐसे हैं जिन्हें शांति और कल्याण अच्छा नहीं लगता। “जब भी हिंदू पर्व या त्योहार आता है, उन्हें गर्मी चढ़ने लगती है, और इस गर्मी को शांत करने के लिए हमें ‘डेंटिंग-पेंटिंग’ का सहारा लेना पड़ता है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि महापुरुष, चाहे वे किसी भी परंपरा से हों, उनका सम्मान होना चाहिए। आस्था व्यक्तिगत और अंतःकरण का विषय है, न कि प्रदर्शन का। उन्होंने स्पष्ट किया कि हर व्यक्ति को अपनी आस्था के अनुसार अपने कार्यक्रम शांतिपूर्वक संपन्न करने का अधिकार है, और इससे किसी को आपत्ति नहीं होगी।
हालांकि, उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि कुछ लोग आस्था के नाम पर अराजकता फैलाते हैं। “एक तरफ इस्लाम अनुयाई बुतपरस्ती का विरोध करेंगे, लेकिन दूसरी तरफ ‘I LOVE MOHAMMAD’ के नाम पर तोड़फोड़, आगजनी, राह चलते नागरिकों पर हमला, बेटियों का जीना हराम करना, व्यापारियों के प्रतिष्ठानों में आग लगाना और पुलिस पर हमला करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा, “छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं, और छोड़ेंगे नहीं तो छूटोगे भी कभी नहीं।” उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए ताकि पर्वों और त्योहारों के दौरान शांति और सद्भाव बना रहे।





