
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। लखनऊ उत्तर रेलवे के लखनऊ मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के तहत 22 सितंबर को ‘स्वच्छ सार्वजनिक स्थल’ विषय पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रयागराज संगम, प्रयाग जंक्शन, वाराणसी जंक्शन, लखनऊ, जंघई और मां बेल्हा देवी धाम प्रतापगढ़ सहित मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों तथा मंडल कार्यालय में सफाई मित्रों, रेलवे कर्मचारियों, यात्रियों और आगंतुकों को कचरे के स्रोत पर पृथक्करण एवं उचित निस्तारण के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान नीले, हरे, लाल और काले कूड़ेदानों के निर्धारित उपयोग की जानकारी देते हुए अलग-अलग प्रकार के कचरे को संबंधित कूड़ेदान में ही डालने के लिए प्रेरित किया गया। यात्रियों और कर्मचारियों को बताया गया कि स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित न रहकर रेलवे परिसरों में स्थायी स्वच्छ व्यवस्था विकसित करने की सामूहिक जिम्मेदारी है।
अभियान का उद्देश्य यात्रियों एवं रेल कर्मचारियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जनभागीदारी के माध्यम से स्वच्छ और बेहतर रेलवे वातावरण तैयार करना है। रेलवे की ओर से यात्रियों एवं आमजन से अपील की गई कि रेलवे परिसर और रेलगाड़ियों में कचरा निर्धारित कूड़ेदान में ही डालें, प्लास्टिक के अनावश्यक उपयोग से बचें और ‘स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी’ के संकल्प को सफल बनाने में सहयोग करें।




