
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi/Chandauli: जनता की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में जनसुनवाई की। इस दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों से अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे फरियादियों की शिकायतों को उन्होंने गंभीरतापूर्वक सुना और न्यायोचित समाधान का भरोसा दिलाया।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक ने फरियादियों से प्राप्त प्रार्थना पत्रों के संबंध में संबंधित राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से स्वयं वार्ता कर शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि फरियादियों की शिकायतों का निष्पक्ष तरीके से निस्तारण कर उन्हें न्याय दिलाना चन्दौली पुलिस की प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले नागरिकों, आवेदकों एवं फरियादियों के साथ शिष्ट एवं विनम्र व्यवहार किया जाए। प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद उसके गुण-दोष के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक को कुल 35 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। उन्होंने सभी प्रार्थना पत्रों के निस्तारण के लिए तत्काल संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनसुनवाई केवल शिकायत सुनने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि प्रत्येक फरियादी को उसकी समस्या का निष्पक्ष, प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण समाधान उपलब्ध कराया जाना चाहिए।





