
-प्रेस क्लब अयोध्या में गरजे समाजसेवी- ‘पत्रकारों के लिए 25 हजार पेंशन, 1 करोड़ बीमा हो’
-सरकार को भेजा पत्र: इलाज, आवास, सुरक्षा कानून की मांग, क्लब को दी 200 लीटर फ्रिज व साउंड सिस्टम, बोले- ‘पत्रकारिता पूजा है’
रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: “जो भ्रष्टाचार उजागर करे, अराजकता पर कलम चलाए, उसकी कलम को सुरक्षा कौन देगा?” यह सवाल उठाया जिले के प्रमुख समाजसेवी राजन पांडेय ने। प्रेस क्लब अयोध्या के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे राजन पांडेय ने पत्रकारों की पीड़ा, सुरक्षा और मूलभूत सुविधाओं को लेकर सरकार के सामने मांगों का पुलिंदा रख दिया।
सरकार को भेजे पत्र में क्या-क्या मांगा
राजन पांडेय ने बताया कि उन्होंने सरकार को पत्र लिखकर मांग की है: – पत्रकार सुरक्षा कानून तुरंत लागू हो – नए पत्रकारों को 10 हजार, वरिष्ठों को 25 हजार प्रतिमाह गुजारा भत्ता – 20 लाख तक मुफ्त इलाज की गारंटी – 1 करोड़ का जीवन बीमा – आवास विकास/प्राधिकरण से भवन-प्लाट प्राथमिकता पर
शहीद पत्रकारों के परिजनों को गुजारा भत्ता
‘धमकी-मारपीट झेलते हैं, फिर भी सरकार बेखबर’
पांडेय ने कहा कि सरकारी तंत्र का भ्रष्टाचार और माफिया के खिलाफ लिखने पर पत्रकारों को रोज धमकियां मिलती हैं। कई बार मारपीट होती है, कई कलमकार जान गंवा चुके हैं। मगर परिवार को सरकारी मदद न मिलने से आर्थिक हालत दयनीय हो जाती है। “चौथा स्तंभ टूटेगा तो लोकतंत्र कैसे बचेगा? सरकार को विशेष नजर रखनी होगी।”
‘पत्रकारिता पूजा है, ईर्ष्या-लालच से दूर रहे’
समाजसेवी ने दो टूक कहा कि पत्रकारिता पूजा है जिसे बिना भेदभाव, ईर्ष्या और लालच के करना चाहिए। तभी समाज का असली चेहरा दिखेगा। उन्होंने ऐलान किया कि समाज को दिशा देने वाले पत्रकारों को वे पहले भी सम्मानित करते रहे हैं और आगे भी करते रहेंगे।
क्लब को दिया तोहफा: फ्रिज और साउंड सिस्टम
पत्रकारों और आमजन को राहत देने के लिए राजन पांडेय ने निजी खर्च से प्रेस क्लब को 200 लीटर की फ्रिज और आधुनिक साउंड सिस्टम भेंट किया। तपती गर्मी में ठंडा पानी और कार्यक्रमों के लिए बेहतर ध्वनि व्यवस्था अब क्लब में उपलब्ध रहेगी।
‘राजन ने जलाई समाजसेवा की ज्वाला’: सुरेंद्र श्रीवास्तव
प्रेस क्लब अध्यक्ष सुरेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि राजन पांडेय ने समाजसेवा की जो ज्वाला जलाई है, उसकी आभा पूरे जनपद में दिख रही है। क्लब ने उनका आभार जताते हुए सरकार से मांगों पर जल्द अमल की अपील की।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार इंदुभूषण पांडेय, एसएन सिंह, अग्रसेन मिश्रा, नाथभगत सिंह, केके मिश्र, समीर शाही, रूपेश श्रीवास्तव, अज्जू श्रीवास्तव, सुबोध श्रीवास्तव, हरिश्चंद्र सिंह, कुशल चंद्र मिश्रा, आकाश सोनी समेत दर्जनों पत्रकार मौजूद रहे।
‘आज़ादी से प्रगति तक पत्रकारों का योगदान’
राजन पांडेय ने याद दिलाया कि देश की आजादी से लेकर मौजूदा प्रगति तक में पत्रकारों की बड़ी भूमिका रही है। आम जन की आवाज सरकार तक पहुंचाने वाले इन कलम के सिपाहियों की जरूरतों का ख्याल रखना हम सबका फर्ज है।





