
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। चंदौली मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलुआ थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) वाराणसी की संयुक्त टीम ने 253 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 31.62 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर 21 जुलाई की शाम ग्राम टाण्डाकला स्थित अंग्रेजी शराब की दुकान के पास संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध को पकड़ा। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके हाफ पैंट की कमर में छिपाई गई काली पॉलीथीन से 253 ग्राम हेरोइन और 1,100 रुपये नकद बरामद हुए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बलुआ थाना क्षेत्र के सोनबरसा (टाण्डाकला) निवासी 58 वर्षीय जगदीश सिंह के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने कथित तौर पर बताया कि वह वाराणसी के कैथी क्षेत्र से हेरोइन लाकर उसकी छोटी-छोटी पुड़ियां बनाकर बेचता था और मांग के अनुसार आपूर्ति करता था।
इस मामले में बलुआ थाने में एनडीपीएस अधिनियम की धारा 8/21 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम के तहत वर्ष 2023 और 2025 के भी दो मामले पहले से दर्ज हैं।




