
-चंद मिनट की बारिश में डूबे स्मार्ट सिटी के दावे, स्वास्थ्य भवन के बाहर जलभराव से लोगों की बढ़ी मुश्किलें
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में हुई चंद मिनट की बारिश ने स्मार्ट सिटी परियोजना के दावों की पोल खोलकर रख दी। मामूली बारिश के बाद ही स्वास्थ्य भवन कार्यालय के बाहर जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे कर्मचारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय पर नालियों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था की गई होती तो बारिश का पानी सड़कों पर नहीं भरता। जलभराव इतना अधिक था कि सरकारी कार्यालय के अंदर जाने के लिए लोगों को पानी के बीच से रास्ता बनाकर गुजरना पड़ा।
सामने आए वीडियो में स्वास्थ्य भवन कार्यालय के बाहर सड़क पर भरे पानी का दृश्य साफ देखा जा सकता है। यह स्थिति नगर निगम और संबंधित विभागों की तैयारियों पर सवाल खड़े करती है। मामूली बारिश में ही सरकारी कार्यालय के बाहर जलभराव होने से स्मार्ट सिटी के दावों की वास्तविकता भी उजागर होती नजर आ रही है।





