
- Pankaj jha..✍️
वाराणसी। कमिश्नरेट वाराणसी में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिगरा पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता मिली है। पुलिस आयुक्त के निर्देशन, पुलिस उपायुक्त काशी जोन के मार्गदर्शन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के निर्देशन में थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा के नेतृत्व में सिगरा पुलिस ने वर्ष 2022 के एटीएम कार्ड धोखाधड़ी के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को बिहार से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई को साइबर अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की अहम सफलता माना जा रहा है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मनीष कुमार सिंह उर्फ कारू (35 वर्ष) पुत्र वाल्मीकि सिंह, निवासी ग्राम रोशना, थाना फतेहपुर, जनपद गया (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे उसके पैतृक गांव से गिरफ्तार कर वाराणसी लाया और आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर 2022 को पीड़िता ने थाना सिगरा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि वह लहरतारा स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम से रुपये निकालने गई थीं, जहां उनका एटीएम कार्ड मशीन में फंस गया। इसके बाद वह सहायता के लिए बैंक ऑफ इंडिया शाखा पहुंचीं, जहां उन्हें एक व्यक्ति का मोबाइल नंबर दिया गया।
फोन रिसीव करने वाले ने स्वयं को अंकुर सिंह बताते हुए कुछ देर में एटीएम कार्ड उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। लेकिन बाद में जब पीड़िता ने अपने मोबाइल पर बैंक के संदेश देखे तो पता चला कि उनके खाते से एटीएम के माध्यम से ₹2,19,500 की निकासी हो चुकी है। इसके बाद पीड़िता की तहरीर पर थाना सिगरा में मु.अ.सं. 0436/2022 के तहत धारा 417, 420 भारतीय दंड संहिता एवं 66-डी आईटी एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया।
विवेचना, तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से पुलिस ने आरोपी की पहचान सुनिश्चित की। लगातार प्रयासों के बाद सिगरा पुलिस ने बिहार के गया जनपद में दबिश देकर वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल अभियान में थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्रा, उपनिरीक्षक दुर्गा प्रसाद, आरक्षी अश्वनी सिंह (सर्विलांस सेल), हेड कांस्टेबल जितेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल ब्रह्मदेव सिंह तथा रिजर्व कांस्टेबल विनय कुमार चौरसिया की सराहनीय भूमिका रही।
सिगरा पुलिस ने कहा है कि साइबर अपराध, बैंकिंग धोखाधड़ी और आमजन के साथ ठगी करने वाले अपराधियों के विरुद्ध अभियान आगे भी पूरी गंभीरता और सख्ती के साथ जारी रहेगा तथा कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।




