
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। सिगरा थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक चर्चित मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए वांछित आरोपी को लखनऊ से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत डीसीपी काशी जोन, एडीसीपी काशी जोन एवं एसीपी चेतगंज के पर्यवेक्षण में सिगरा थाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 28 वर्षीय यशस्वी ललित श्रीवास्तव निवासी राजाजीपुरम, थाना तालकटोरा, लखनऊ के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार 4 मई 2026 की रात करीब 12:40 बजे महमूरगंज निवासी संजय यादव अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान सफेद रंग की एक अल्टो कार से पहुंचे बदमाशों ने उन पर फायरिंग कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने गोली चलाने के साथ ही संजय यादव को जान से मारने की धमकी भी दी थी। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर सिगरा थाने में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।मामले की जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन लखनऊ में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने लखनऊ के खरगपुर स्थित कैलाशपुरी कॉलोनी में होटल शिमला ग्रांड के कमरा नंबर-201 में दबिश देकर गुरुवार तड़के करीब 3:30 बजे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से .32 बोर की अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(1), 3(5), आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 तथा आपराधिक कानून संशोधन अधिनियम की धारा 7 के तहत दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तारी अभियान में प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक सुधीर कुमार अग्रहरि, हेड कांस्टेबल जितेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल मृत्युंजय सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





