
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा यात्रियों की सुरक्षा, रेल संपत्ति की रक्षा और मानव तस्करी की रोकथाम के साथ-साथ जनसेवा के क्षेत्र में लगातार सराहनीय कार्य किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आरपीएफ एवं जीआरपी की सतर्कता से एक महिला की जान बचाई गई, वहीं ऑपरेशन अमानत के तहत यात्रियों का खोया सामान भी सुरक्षित वापस कराया गया।मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एस. रामकृष्णन के नेतृत्व में चलाए जा रहे सुरक्षा अभियान के तहत 10 जून को बनारस रेलवे स्टेशन पर गश्त के दौरान रेलवे सुरक्षा बल और जीआरपी के जवानों ने एक बड़ा हादसा टाल दिया।
प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर खड़ी 15138 बुद्ध पूर्णिमा एक्सप्रेस के प्रस्थान के समय एक महिला अचानक ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास करने लगी। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए महिला को पकड़ लिया और सुरक्षित बचा लिया। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सुनैना तथा पता चितईपुर, वाराणसी बताया। बाद में उसे समझा-बुझाकर उसके परिजनों को सकुशल सौंप दिया गया।वहीं, ऑपरेशन अमानत के तहत आरपीएफ ने यात्रियों का छूटा सामान भी उन्हें वापस दिलाया।
10 जून को वाराणसी कंट्रोल से सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 15109 के एसी कोच एम-2 में एक नीले रंग का ट्रॉली बैग छूट गया है। सूचना मिलते ही यात्री सुरक्षा ड्यूटी में तैनात एएसआई सुरेंद्र प्रसाद एवं कांस्टेबल धर्मेंद्र जायसवाल ने भटनी स्टेशन पर ट्रेन पहुंचने के बाद बैग को सुरक्षित उतरवाकर आरपीएफ पोस्ट पर जमा कराया। बाद में सीवान निवासी नम्रता प्रतवानी अपने परिजनों के साथ पहुंचीं, जहां सामान का सत्यापन कर उन्हें लगभग 10 हजार रुपये मूल्य का बैग सुपुर्द कर दिया गया। इसी तरह 9 जून को ऑपरेशन अमानत के तहत ट्रेन संख्या 05184 के मऊ स्टेशन पहुंचने पर एस-3 कोच से एक मोबाइल फोन और चार्जर बरामद किया गया।
ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल विनय राय ने सामान को सुरक्षित रखवाया। अगले दिन गाजीपुर निवासी मनोज कुमार अपनी पत्नी प्रेमशिला के साथ मोबाइल लेने पहुंचे। आधार कार्ड एवं यात्रा टिकट के सत्यापन के बाद महिला हेड कांस्टेबल अनीता ने प्रेमशिला को मोबाइल और चार्जर सौंप दिया। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 12 हजार रुपये बताई गई है।सामान वापस मिलने पर यात्रियों ने रेलवे सुरक्षा बल और रेल प्रशासन की कार्यशैली की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।





