- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। गंगा स्नान के दौरान अस्सी घाट पर डूब रहे एक किशोर को जल पुलिस की तत्परता और साहसिक प्रयासों से सुरक्षित बचा लिया गया। घटना मंगलवार सुबह लगभग 6:25 बजे की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जखनी तिमुहानी क्षेत्र का लगभग 15 वर्षीय बालक अपने परिजनों के साथ गंगा स्नान के लिए अस्सी घाट आया था। स्नान करते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
घाट पर तैनात जल पुलिस कर्मियों ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल वैभव सिंह एवं जल पुलिस गश्ती दल ने राहत एवं बचाव उपकरणों की सहायता से गंगा में डूब रहे बालक को सकुशल बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बालक की स्थिति पूरी तरह सामान्य बताई जा रही है।
बालक के परिजनों ने जल पुलिस की त्वरित कार्रवाई के लिए धन्यवाद ज्ञापित करते हुए पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की सराहना की। इस दौरान घाट पर स्नान कर रहे अन्य श्रद्धालुओं को भी बैरिकेडिंग के भीतर रहकर ही स्नान करने की सलाह दी गई, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।





