
कोलकाता: उत्तर 24 परगना के मध्यमग्राम में बुधवार रात भाजपा नेता Suvendu Adhikari के करीबी और निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस की शुरुआती जांच में इस वारदात के पीछे पेशेवर शूटरों का हाथ होने की आशंका जताई गई है। जांच एजेंसियों का मानना है कि हमलावरों ने घटना से पहले 3-4 दिनों तक इलाके की रेकी की थी।
जानकारी के मुताबिक, मध्यमग्राम के जेस्सोर रोड स्थित दोहड़िया इलाके में बुधवार रात करीब 10:20 बजे चंद्रनाथ रथ अपनी सफेद स्कॉर्पियो SUV से जा रहे थे। इसी दौरान एक कार ने उनकी गाड़ी को रास्ते में रोक लिया। इसके बाद मोटरसाइकिलों पर सवार बदमाशों ने बेहद नजदीक से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
हमले में रथ के सीने और पेट में तीन गोलियां लगीं। उनके साथ वाहन में मौजूद सहयोगी बुद्धदेव बेरा भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाइक सवार हमलावरों ने सामने की खिड़की से पिस्टल सटाकर फायर किया और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस और जिंदा गोलियां बरामद की हैं। वारदात में इस्तेमाल की गई कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पश्चिम बंगाल के डीजीपी सिद्ध नाथ गुप्ता ने बताया कि हत्या के पीछे का मकसद अभी स्पष्ट नहीं हो सका है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि अत्यधिक रक्तस्राव और महत्वपूर्ण अंगों के क्षतिग्रस्त होने के कारण चंद्रनाथ रथ की मौत हुई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वहीं, Suvendu Adhikari ने इस घटना को सुनियोजित और कोल्ड-ब्लडेड मर्डर बताया। उन्होंने कहा कि नंदीग्राम और भवानीपुर चुनावों में चंद्रनाथ रथ ने उनकी जीत में अहम भूमिका निभाई थी, जिसके चलते उन्हें निशाना बनाया गया। अधिकारी ने कहा कि हमलावर काफी देर से रथ का पीछा कर रहे थे और बेहद करीब से गोली मारी गई। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की सही दिशा में जांच कर रही है।





