
- रिपोर्ट: ज्ञानेश वर्मा
बाराबंकी : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बुढ़वल, चाइल्ड लाइन, बाराबंकी एवं संवाद सामाजिक संस्थान द्वारा संयुक्त रूप से चलाए गए विशेष रेस्क्यू अभियान में धरबंगा, विहार से चलने वाली जन नायक एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 15211 से बुढ़वल जंक्शन रेलवे स्टेशन पर बाल श्रम उद्देश्य से ले जाए जा रहे 9 बच्चों को मुक्त कराया गया। संयुक्त टीम की सतर्कता, त्वरित कार्रवाई एवं संवेदनशीलता के चलते बच्चों को सुरक्षित संरक्षण प्रदान किया गया। आपको बता दे कि रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बुढ़वल को सूचना प्राप्त हुई कि कुछ नाबालिग बच्चों को मजदूरी कराने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रेलवे सुरक्षा बल बुढ़वल एवं संवाद सामाजिक संस्थान, चाइल्ड लाइन की टीम ने तत्काल संयुक्त अभियान चलाया।

इस अभियान के दौरान ट्रेन की गहन जांच एवं बच्चों से पूछताछ की गई, जिसमें 9 बच्चों को संदिग्ध परिस्थिति में यात्रा करते हुए पाया गया। पूछताछ के दौरान बच्चों ने बताया कि वे सभी बिहार से पंजाब मजदूरी करने जा रहे थे। बच्चों की उम्र कम होने तथा उनके श्रम कार्य में लगाए जाने की संभावना को देखते हुए टीम ने तत्काल हस्तक्षेप कर सभी बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के उपरांत सभी बच्चों को आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूर्ण करते हुए चाइल्ड लाइन बाराबंकी के सुपुर्द किया गया। इसके बाद बच्चों का मेडिकल परीक्षण कराया गया तथा उन्हें बाल कल्याण समिति (सी.डब्ल्यू.सी) के समक्ष प्रस्तुत किया गया। बाल कल्याण समिति द्वारा बच्चों की काउंसलिंग की गई।
इस संयुक्त रेस्क्यू अभियान में रेलवे सुरक्षा बल बुढ़वल (पूर्वोत्तर रेलवे) के उपनिरीक्षक जसबीर सिंह, प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार, संवाद सामाजिक संस्थान के कार्यकर्त्ता आलोक मिश्रा, विनोद कुमार, राज वर्मा, चाइल्ड लाइन कोऑर्डिनेटर रेनू मसीह, सुपरवाइजर रोहित वर्मा, एवं केस वर्कर रमाकांत, सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।




