
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के अलईपुरा, दोषीपुरा, शक्कर तालाब सहित सभी प्रमुख मस्जिदों में बकरीद की नमाज गुरुवार को शांतिपूर्ण एवं सकुशल माहौल में अदा की गई। नमाज के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
थाना प्रभारी उपेन्द्र प्रताप सिंह भारी पुलिस बल के साथ लगातार क्षेत्र में भ्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते नजर आए। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा, वहीं मस्जिदों के आसपास पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर मौजूद रहे।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी और अमन-चैन व भाईचारे की दुआ मांगी। पुलिस प्रशासन ने भी लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
जैतपुरा थाना क्षेत्र में बकरीद का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में सम्पन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली।




