
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। मिर्जापुर में विकास कार्यों की गुणवत्ता एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। भाजपा विधायक रत्नाकर मिश्रा द्वारा महज 15 दिन पहले उद्घाटित किया गया पैंटून (पीपा) पुल अब क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी फैल गई है।
हरसिंहपुर को विंध्याचल धाम से जोड़ने वाला यह पुल क्षेत्र के लोगों और श्रद्धालुओं के लिए बेहद अहम माना जाता है, लेकिन उद्घाटन के कुछ ही दिनों के भीतर इसकी हालत खराब हो जाने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार पुल के क्षतिग्रस्त होने से आवाजाही में भारी दिक्कतें हो रही हैं। खासतौर पर विंध्याचल धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनकी यात्रा प्रभावित हो रही है।
लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लापरवाही बरती गई, जिसकी वजह से इतना महत्वपूर्ण पुल इतनी जल्दी जवाब दे गया। अब स्थानीय जनता जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रही है।
प्रशासन की ओर से पुल की मरम्मत और स्थिति सुधारने की बात कही जा रही है, लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही बना हुआ है कि आखिर जल्दबाजी में किए गए ऐसे निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी कौन तय करेगा।





