
- रिपोर्ट- पंकज झा
वाराणसी, 26 जून। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से डीसीपी वरुणा जोन ने थाना लोहता एवं कैंट क्षेत्र के संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एसीपी कैंट, एसीपी रोहनिया तथा संबंधित थाना प्रभारियों के साथ ताजिया मार्गों, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और इमामबाड़ों के आसपास पैदल गश्त कर आमजन से शांति एवं भाईचारा बनाए रखने की अपील की गई।डीसीपी ने सभी थाना प्रभारियों को ताजियादारों, पीस कमेटी, धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ बैठक कर बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। जुलूस मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल, पीएसी, क्यूआरटी तथा सादी वर्दी में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं ड्रोन कैमरों और सीसीटीवी के माध्यम से पूरे जोन की निगरानी की जा रही है। सोशल मीडिया पर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।डीसीपी वरुणा जोन ने नागरिकों से अपील की है कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे के साथ मनाएं, किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की सूचना तत्काल डायल-112 या स्थानीय थाने को दें। शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जाएगी।





