
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: सारनाथ थाना क्षेत्र के आशापुर चौकी अंतर्गत स्कूल परिसर में संचालित पटाखे की दुकान का पुलिस टीम ने निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी ने दुकान में की गई व्यवस्थाओं को देखा और दुकानदार को सुरक्षा मानकों के अनुरूप आवश्यक बदलाव करने के निर्देश दिए।
पुलिस टीम ने दुकान पर लगाए गए पर्दे को हटाकर उसके स्थान पर टीनशेड लगाने को कहा, ताकि दुकान की व्यवस्था अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित रहे। इसके साथ ही दुकानदार को पटाखों के भंडारण और बिक्री के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, आग से बचाव के जरूरी इंतजाम रखने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि पटाखों की बिक्री में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। खासकर स्कूल परिसर जैसे संवेदनशील स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है। पुलिस ने दुकानदार को सभी आवश्यक दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी पंकज त्रिपाठी और आशापुर चौकी प्रभारी दीक्षा पाण्डेय पुलिस टीम के साथ मौजूद रहीं।





