
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने रेलवे कॉलोनियों में घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए गेल इंडिया लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। पूर्वोत्तर रेलवे में इस तरह का यह पहला समझौता है।
भारतेंदु सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन की उपस्थिति में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) विकास कुमार सिंह तथा गेल इंडिया के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने कहा कि पीएनजी सुरक्षित, विश्वसनीय, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल ईंधन है। इसके उपयोग से रेलवे कर्मचारियों और अधिकारियों को निर्बाध गैस आपूर्ति मिलेगी, एलपीजी सिलेंडरों पर निर्भरता घटेगी और मीटर आधारित पारदर्शी बिलिंग की सुविधा उपलब्ध होगी।
गेल इंडिया के महाप्रबंधक सुशील कुमार ने कहा कि पीएनजी से सिलेंडर की बुकिंग, भंडारण और बार-बार बदलने की परेशानी समाप्त होगी तथा गैस की लगातार उपलब्धता सुनिश्चित होगी।
समझौते के तहत वाराणसी की रेलवे कॉलोनियों के आवासों और रेलवे संस्थानों में चरणबद्ध तरीके से पीएनजी कनेक्शन दिए जाएंगे। एमओयू के बाद रेलवे कॉलोनियों में पीएनजी पाइपलाइन बिछाने का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।





