
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चेतगंज पुलिस ने महिला से अश्लील हरकत, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में नामजद आरोपी इरशाद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, थाना चेतगंज में दर्ज मुकदमा संख्या 189/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 74, 115(2), 351(2) एवं 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोप है कि इरशाद अंसारी पुत्र नियाज अंसारी, निवासी सी-19/110, छल्लापुरा, थाना सिगरा, वाराणसी ने एक महिला के साथ अश्लील हरकत की। महिला द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपी ने उसके पति और महिला के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता की तहरीर के आधार पर 21 जुलाई 2026 को मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी का व्यवहार नहीं बदला। 21 जुलाई को ही डीसीएम तिराहा, चेतगंज पर वह वादिनी के परिजनों के साथ दोबारा विवाद कर रहा था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी उग्र हो गया और शांति व्यवस्था भंग करने पर आमादा हो गया।
स्थिति को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए इरशाद अंसारी (उम्र लगभग 29 वर्ष) को डीसीएम तिराहा, थाना चेतगंज के पास से बीएनएसएस की धारा 170/126/135 के अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अंकिता कुमारी, कांस्टेबल रितिक राज तथा कांस्टेबल दीपक कुमार चौधरी की टीम ने अंजाम दिया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध, मारपीट, धमकी और सार्वजनिक शांति भंग करने जैसी घटनाओं के प्रति कमिश्नरेट पुलिस की जीरो टॉलरेंस नीति है। ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।





