
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने अंतर्राष्ट्रीय समपार जागरूकता दिवस-2026 के अवसर पर बनारस, ज्ञानपुर रोड सहित विभिन्न रेलवे क्रॉसिंगों पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। मंडल रेल प्रबंधक श्री आशीष जैन के निर्देशन एवं वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी श्री एम. रमेश कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान के तहत लोगों को रेलवे फाटकों एवं ट्रैक पार करते समय सुरक्षा नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया गया।
संरक्षा टीम ने संवेदनशील समपारों, बाजारों, विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पंपलेट वितरण, काउंसलिंग और जनसंपर्क कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को सुरक्षित आवागमन का संदेश दिया। अभियान के दौरान “रुकिए, देखिए, तब जाइए” तथा “जीवन समय से अधिक मूल्यवान है” जैसे सुरक्षा संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। इस अवसर पर आम जनता एवं सड़क उपयोगकर्ताओं के बीच 2050 पंपलेट, 1000 संरक्षा बैग तथा 500 संरक्षा डायरी वितरित कर रेलवे सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई गई।





