
लखनऊ। राष्ट्रीय टीबी स्क्रीनिंग अभियान के तहत रविवार, 1 जून 2026 को नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, इंदिरा नगर में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। अभियान का शुभारंभ चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मयंक जलोटे ने स्क्रीनिंग वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया।
इस अवसर पर डॉ. मयंक जलोटे ने कहा कि अभियान का उद्देश्य टीबी रोग की समय रहते पहचान कर मरीजों को शीघ्र उपचार उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि स्क्रीनिंग वाहन विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों की जांच करेगा तथा संभावित टीबी मरीजों की पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा प्रदान की जाएगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति को लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना या अन्य टीबी संबंधी लक्षण दिखाई दें तो तुरंत जांच कराएं। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं आशा कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। अभियान के माध्यम से टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है।





