
-एंटी रोमियो टीम ने बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में चलाया जागरूकता अभियान
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चंदौली पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में “मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण)” के तहत जिले के सभी थानों की पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को लेकर जागरूकता अभियान चलाया। एंटी रोमियो टीमों ने बाजारों, कस्बों, ग्रामीण क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर महिलाओं व बालिकाओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा उपायों और उनके अधिकारों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, वन स्टॉप सेंटर, महिला हेल्पलाइन 181, निराश्रित महिला योजना, शक्ति सदन और सखी निवास जैसी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
पुलिस टीमों ने महिलाओं को घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न, दहेज निषेध और लिंग चयन निषेध से संबंधित कानूनों के प्रमुख प्रावधानों से भी अवगत कराया। साथ ही साइबर सुरक्षा, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल, ऑनलाइन फ्रॉड और साइबर अपराध से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया।
पुलिस ने थाना स्तर पर स्थापित मिशन शक्ति केंद्रों के कार्य, उद्देश्य और वहां उपलब्ध सेवाओं की जानकारी भी दी। अभियान का उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें सुरक्षित, जागरूक और आत्मनिर्भर बनाना है।




