
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: रोहनिया थाना क्षेत्र के दरेखू स्थित एक गोदाम में रविवार की रात आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। आग इतनी भीषण थी कि गोदाम में रखा सेनेटरी पैड, डायपर समेत अन्य सामान पूरी तरह नष्ट हो गया। गोदाम मालिक के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सिगरा निवासी अनूप सिंह की शिया इंटरप्राइजेज नाम से दरेखू में गोदाम है। रविवार की रात गोदाम में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। गोदाम से धुआं उठता देख बगल के गोदाम में तैनात गार्ड ने तत्काल फोन कर इसकी सूचना दी।
सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी मोहनसराय देवेंद्र दुबे मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। आग पर काबू पाने के लिए जेसीबी की मदद से गोदाम की दीवार तोड़ी गई, जिसके बाद दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग बुझाई।
हालांकि, जब तक आग पर काबू पाया जाता, तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। गोदाम मालिक अनूप सिंह ने बताया कि अग्निकांड में लगभग 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा। गनीमत रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।





