
Bengaluru: ऑनलाइन ग्रॉसरी और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से खाद्य सामग्री मंगाने वाले ग्राहकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। कर्नाटक के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट के फूड लाइसेंस अगले आदेश तक निलंबित कर दिए हैं। यह कार्रवाई इन प्लेटफॉर्म्स पर जहरीले पौधे धतूरे (Datura/Thorn Apple) के फल और बीजों को खाद्य उत्पाद के रूप में सूचीबद्ध किए जाने के बाद की गई है।
धतूरे की लिस्टिंग को लेकर कार्रवाई
रिपोर्ट के मुताबिक, कर्नाटक खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने तीनों कंपनियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने निर्देश दिया है कि प्लेटफॉर्म्स पर धतूरे से संबंधित सभी लिस्टिंग और विज्ञापन तत्काल हटाए जाएं। साथ ही, धतूरे के फल और बीजों को इंसानों के खाने के लिए बेचने या वितरित करने पर रोक लगाने को कहा गया है।
विभाग के अनुसार, इन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर धतूरे के फल और बीजों को फूड प्रोडक्ट के तौर पर पेश किया जा रहा था। खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कंपनियों के फूड लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।
धतूरे का सेवन हो सकता है खतरनाक
धतूरा यानी थॉर्न एपल नाइटशेड परिवार का एक जहरीला पौधा है। इसके फल और बीजों में विषैले तत्व पाए जाते हैं, जिनका सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता है। अधिकारियों के मुताबिक, बिना उचित प्रक्रिया के धतूरे का सेवन करने से गंभीर विषाक्तता हो सकती है। अधिक मात्रा में सेवन की स्थिति में व्यक्ति कोमा में जा सकता है और जान भी जा सकती है।
खाद्य सामग्री के रूप में बिक्री पर रोक
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि धतूरे के फल और बीजों को इंसानों के खाने के लिए खाद्य सामग्री के रूप में रखना, बेचना या वितरित करना प्रतिबंधित है। इसी वजह से तीनों ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स को ऐसी सभी लिस्टिंग हटाने और भविष्य में धतूरे को खाद्य उत्पाद के रूप में बेचने से रोकने के निर्देश दिए गए हैं।
इस कार्रवाई के बाद ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर खाद्य उत्पादों की लिस्टिंग और उनकी सुरक्षा जांच की प्रक्रिया को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल अमेजन, स्विगी इंस्टामार्ट और बिगबास्केट की ओर से कार्रवाई पर कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।




