
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह /ब्यूरो लखनऊ
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर आईएएस (IAS) और आईपीएस (IPS) अधिकारियों के तबादलों की तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है। सूत्रों के अनुसार, तबादला सूची तैयार कर ली गई है और इसे किसी भी समय जारी किया जा सकता है।
जानकारी के मुताबिक, अधिकारियों के तबादले करीब एक सप्ताह पहले होने थे, लेकिन जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन के चलते इस प्रक्रिया को फिलहाल रोक दिया गया था। अब आंदोलन समाप्त होने के बाद सरकार ने तबादला प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया है।



सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ तबादलों को लेकर विस्तृत मंथन किया। बताया जा रहा है कि शाम करीब 6 बजे अपर मुख्य सचिव (ACS) स्तर के कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों को 5 कालिदास मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर बुलाया गया था। इसके अलावा दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
सूत्रों का दावा है कि बैठक के दौरान तबादला सूची को अंतिम रूप दे दिया गया है। अब सरकार की औपचारिक मंजूरी के बाद सूची कभी भी जारी की जा सकती है।
हालांकि, उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से तबादला सूची जारी किए जाने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। सूची जारी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किन जिलों और विभागों में प्रशासनिक बदलाव किए गए हैं।




