
- रिपोर्ट: अनुराग सिंह बिष्ट
लखनऊ। पुराने लखनऊ के अकबरी गेट क्षेत्र में स्थित मुबीन होटल के पास शुक्रवार सुबह एक बिजली के खंभे में अचानक आग लग गई। लगातार हो रही बारिश के बीच शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज बारिश के बावजूद बिजली के खंभे से उठती लपटें और चिंगारियां आतिशबाजी जैसा दृश्य प्रस्तुत कर रही थीं। आग लगने के बाद खंभे पर लगे बिजली के तारों के जाल में लगा एक बॉक्स (डिब्बा) जलकर नीचे सड़क पर गिर गया।
बताया गया कि गिरते हुए जलते बॉक्स की चपेट में पास में खड़ी एक साइकिल भी आ गई, जो देखते ही देखते आग की लपटों में घिरकर जलकर खाक हो गई।
घटना के दौरान मुबीन होटल के एक कर्मचारी ने फायर सिलेंडर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, जिससे आग पर प्रारंभिक रूप से काबू पाने में मदद मिली।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में बिजली के तार अव्यवस्थित और बेतरतीब तरीके से लगाए गए हैं, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं होने का खतरा लगातार बना रहता है। लोगों ने इस घटना को बिजली विभाग की लापरवाही का परिणाम बताते हुए समय रहते रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन लोगों का कहना है कि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था।




