
-लोक कथाओं में हनुमान’ पुस्तक का भव्य लोकार्पण समारोह संपन्न
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। प्रयागराज झूंसी स्थित सेंट्रल एकेडमी प्रांगण में रविवार को वरिष्ठ साहित्यकार एवं रचनाकार प्रमोद बरार की नवीनतम पुस्तक ‘लोक कथाओं में हनुमान’ (हिंदी एवं अंग्रेजी संस्करण) का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. गिरीश चन्द्र त्रिपाठी ने पुस्तक का लोकार्पण करते हुए कहा कि, ” प्रमोद बरार द्वारा रचित यह पुस्तक आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होगी। हनुमान जी का संपूर्ण जीवन साधना, सेवा और समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने अपने जीवन को भक्ति की प्रयोगशाला बनाया। लोक कथाओं के माध्यम से उनके इस प्रेरणादायी स्वरूप को जन-जन तक पहुँचाने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है।”
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए सेंट्रल एकेडमी के निदेशक एस. के. तिवारी ने कहा कि विद्यालय परिसर में ऐसी कालजयी कृति का लोकार्पण होना पूरे संस्थान के लिए गौरव का विषय है।
विशिष्ट अतिथि पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री विजय शंकर शुक्ल तथा वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. विजयानन्द ने पुस्तक की विषयवस्तु की सराहना करते हुए कहा कि यह कृति लोक-संस्कृति में प्रचलित हनुमान जी की अनेक अल्पज्ञात एवं प्रेरक कथाओं को सहज रूप में पाठकों तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण प्रयास है।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विषय प्रवर्तक एवं भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के संपादक एवं संयोजक डॉ. भगवान प्रसाद उपाध्याय ने पुस्तक के वैचारिक, सांस्कृतिक एवं साहित्यिक पक्ष पर विस्तार से प्रकाश डाला।
समारोह का संचालन श्री शंकर देव त्रिपाठी ने किया। अंत में पुस्तक के रचयिता श्री प्रमोद बरार ने सभी अतिथियों, विद्वानों एवं उपस्थित साहित्यप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, साहित्यकार, शिक्षाविद्, साहित्य प्रेमी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।





