
- रिपोर्ट: पंकज झा
बलिया। अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण एवं यात्री सुविधाओं के विस्तार को गति देने के क्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के अपर महाप्रबंधक विनोद कुमार शुक्ला ने शुक्रवार को बलिया रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने स्टेशन पर चल रहे पुनर्विकास एवं निर्माण कार्यों का जायजा लेते हुए उनकी गुणवत्ता, प्रगति और समयबद्ध पूर्णता की समीक्षा की।
अपराह्न 12:18 बजे सड़क मार्ग से बलिया पहुंचे अपर महाप्रबंधक ने वाराणसी मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्टेशन परिसर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने फुटओवर ब्रिज, महुआ मोड़ की ओर स्थित सर्कुलेटिंग एरिया, यात्री प्रतीक्षालय, शौचालय, वीआईपी कक्ष, पार्किंग स्थल, स्टोर रूम, वाशिंग पिट तथा स्टेशन परिसर में उपलब्ध प्रकाश, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का मूल्यांकन करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने कहा कि स्टेशन के विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए तथा यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
अपर महाप्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान चिन्हित कमियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए और संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्टेशन मास्टरों, विभागीय अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों को अपने दायित्वों का प्रभावी निर्वहन करने तथा बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने का मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
उन्होंने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के माध्यम से रेलवे स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है, जिससे यात्रियों को अधिक सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध हो सके। बलिया स्टेशन पर चल रहे विकास कार्य इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के संबंधित शाखा अधिकारी, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (कार्य), वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (रेल पथ), वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (विद्युत), बलिया तथा रेलवे सुरक्षा बल के प्रभारी निरीक्षक सहित अनेक अधिकारी उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत बलिया रेलवे स्टेशन को आधुनिक स्वरूप प्रदान करने के लिए विभिन्न विकास कार्य तेजी से संचालित किए जा रहे हैं। निरीक्षण के माध्यम से इन कार्यों की प्रगति को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जिससे भविष्य में यात्रियों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।





