
- रिपोर्ट: अमित कुमार
Ayodhya: प्रदेश सरकार की ओर से सरकारी अस्पतालों में गंभीर मरीजों को बेहतर और समय पर उपचार उपलब्ध कराने की पहल के तहत हृदय रोगियों के लिए आवश्यक दवाओं और इंजेक्शन की उपलब्धता पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में अयोध्या जिला चिकित्सालय में एक गंभीर हृदय रोगी को समय रहते टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन की निर्धारित डोज दिए जाने का मामला सामने आया है।
सीने में तेज दर्द के बाद जिला अस्पताल पहुंचा मरीज
बताया गया कि पूराकलंदर थाना क्षेत्र के ग्राम तारुनबारा निवासी 45 वर्षीय हीरा लाल पुत्र पारसनाथ को सोमवार को सीने में तेज दर्द की शिकायत हुई। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे।
अस्पताल की इमरजेंसी में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. प्रज्वल कुमार मिश्रा और फार्मासिस्ट श्रवेश कुमार श्रीवास्तव ने तत्काल मरीज की ईसीजी जांच कराई। जांच के बाद मरीज में हृदय संबंधी गंभीर समस्या की पुष्टि हुई।

लोहिया संस्थान के विशेषज्ञों से लिया गया परामर्श
मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉ. प्रज्वल कुमार मिश्रा ने लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान के हृदय रोग विभाग के चिकित्सकों से परामर्श किया। विशेषज्ञों की सलाह के बाद मरीज को टेनेक्टेप्लेस इंजेक्शन की निर्धारित डोज दी गई।
प्रारंभिक उपचार के बाद मरीज को आगे के उपचार और विशेषज्ञ निगरानी के लिए 108 एंबुलेंस के माध्यम से लखनऊ स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान रेफर कर दिया गया।
स्वास्थ्य कर्मियों की तत्परता की परिजनों ने की सराहना
समय पर जांच, विशेषज्ञों से परामर्श और आवश्यक उपचार मिलने से मरीज के परिजनों ने राहत की सांस ली। परिजनों ने डॉ. प्रज्वल कुमार मिश्रा, फार्मासिस्ट श्रवेश कुमार श्रीवास्तव सहित अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मियों का आभार जताया।
स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से गंभीर हृदय रोगियों को शुरुआती स्तर पर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराने में मदद मिलने की उम्मीद है।




