
- रिपोर्ट: अमित कुमार
Ayodhya. हृदयाघात से पीड़ित एक मरीज की हालत बिगड़ने पर अयोध्या जिला अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टरों ने तत्काल उपचार शुरू किया। मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए STEMI योजना के तहत सरकारी स्तर पर उपलब्ध करीब 50 हजार रुपये कीमत के इंजेक्शन की आवश्यक डोज दी गई। उपचार के बाद मरीज को तत्काल राहत मिली, जिसके बाद उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ रेफर कर दिया गया।
RML के हृदय रोग विशेषज्ञ से ली गई चिकित्सकीय सलाह
जानकारी के अनुसार, हृदयाघात से पीड़ित मरीज जिला अस्पताल की इमरजेंसी ओपीडी पहुंचा था। ड्यूटी पर मौजूद EOM डॉ. पंकज कुमार और डॉ. प्रज्वल ने फार्मासिस्ट विजय प्रकाश वर्मा के साथ मिलकर मरीज का तत्काल उपचार शुरू किया।
मरीज की स्थिति को देखते हुए डॉ. पंकज कुमार ने मोबाइल फोन के माध्यम से आरएमएल अस्पताल के हृदय रोग विशेषज्ञ से संपर्क किया। विशेषज्ञ की सलाह के बाद मरीज को सरकार की ओर से उपलब्ध कराए गए महंगे इंजेक्शन की जरूरी डोज दी गई।
इंजेक्शन लगते ही मरीज को मिली राहत
बताया गया कि इंजेक्शन देने के बाद मरीज की हालत में तत्काल सुधार हुआ और उसे राहत मिली। इसके बाद चिकित्सकों ने आगे के उपचार और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा के लिए मरीज को लखनऊ रेफर कर दिया।
डॉक्टरों और फार्मासिस्ट की हुई सराहना
समय पर उपचार मिलने और डॉक्टरों की तत्परता से मरीज को राहत मिलने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने जिला अस्पताल की टीम की सराहना की। लोगों ने डॉक्टरों और फार्मासिस्ट की इस पहल को सराहनीय बताते हुए उन्हें जनपद का गौरव बताया।
मरीज के परिजनों ने कहा कि गंभीर स्थिति में समय पर उपचार शुरू होने से बड़ी राहत मिली। जिला अस्पताल की टीम की तत्परता को लेकर लोगों ने आभार जताया।





