
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
प्रयागराज। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हण्डिया पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। वहीं, चोरी के एक मामले में पुलिस ने तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से आभूषण बरामद किए हैं।
वारंटी अभियुक्त गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, हण्डिया थाना क्षेत्र के ग्राम रसार निवासी कपुरी यादव उर्फ संतोष यादव पुत्र लालबहादुर यादव उर्फ मुंशी के खिलाफ न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी था। पुलिस टीम ने उसके निवास स्थान से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 2296/2021 में भारतीय दंड संहिता की धारा 147, 148, 149, 323, 504, 506, 307, 394, 324 और 326 के तहत मामला न्यायालय में विचाराधीन है। इसी मामले में एएसजे कक्ष संख्या-02, प्रयागराज द्वारा गिरफ्तारी अधिपत्र जारी किया गया था।
वारंट के अनुपालन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और उसके बाद नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की।
चोरी के मामले में तीन अंतरजनपदीय आरोपी गिरफ्तार

एक अन्य कार्रवाई में हण्डिया पुलिस ने चोरी के मामले में तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुन्ना बिन्द, सुनील गौतम और विजय गुप्ता के रूप में हुई है। तीनों भदोही जनपद के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, तीनों को पंकज नगर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से पीली व सफेद धातु के कई आभूषण बरामद किए गए। बरामद सामान में अंगूठियां, कान की बालियां, टप्स, लॉकेट, चेन, ब्रैसलेट, पायल, कंगन, ताबीज, करधन, पाजेब और हाथफूल शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई थाना हण्डिया में दर्ज मुकदमा संख्या 484/2026 से संबंधित है। बताया गया कि 31 अगस्त को परिवार घर में ताला लगाकर दिल्ली गया था और 12 सितंबर को घर लौटने पर चोरी की जानकारी हुई। मामले के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने जांच के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।





