
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या: डॉ. भीमराव अंबेडकर इंटरनेशनल स्टेडियम, अयोध्या में सोमवार को 29वीं यूपी प्री-स्टेट शूटिंग प्रतियोगिता का भव्य उद्घाटन हुआ। प्रतियोगिता का शुभारंभ श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव श्री चंपत राय जी ने फीता काटकर किया।
उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि श्री चंपत राय जी ने अपने संबोधन में कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व विकास का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने विशेष रूप से शूटिंग खेल की महत्ता बताते हुए कहा कि इसमें अनुशासन, एकाग्रता एवं धैर्य की अत्यंत आवश्यकता होती है। उन्होंने अयोध्या में इस स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन को जिले के लिए गौरवपूर्ण बताया।
इस चार दिवसीय प्रतियोगिता का आयोजन 13 अप्रैल से 16 अप्रैल 2026 तक किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों से लगभग दो हजार खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु वर्गों के प्रतिभागी निशानेबाजी की अलग-अलग स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे, जिससे आयोजन का स्तर अत्यंत प्रतिस्पर्धात्मक एवं आकर्षक बन गया है।

उद्घाटन समारोह के अवसर पर उत्तर प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन के महासचिव श्री जी. एस. सिंह जी भी उपस्थित रहे। प्रतियोगिता का संचालन जिला राइफल क्लब अयोध्या के कोच एवं मुख्य प्रबंधक श्री शनि कुमार वर्मा के निर्देशन में किया जा रहा है।

इस अवसर पर कोच श्री शनि कुमार वर्मा द्वारा मुख्य अतिथि का बुके एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया। आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। यह प्रतियोगिता उत्तर प्रदेश राइफल एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित की जा रही है, जो प्रदेश स्तर पर प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान कर रही है।
उद्घाटन समारोह में जैनुल खान, विकास सिंह, राजवीर रावत, फाल्गुनी चौधरी, उमंग पाठक, यश पाठक, अजय सिंह, राजेंद्र गुप्ता, करुणाकर दुबे, वात्सल्य राय, भास्कर, अशरफ सहित अनेक खिलाड़ी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।




