
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। चंदौली जनपद में मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गुरुवार को मुगलसराय स्थित डोमिनोज पिज्जा आउटलेट पर औचक छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने पिज्जा के नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेज दिए। साथ ही निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर प्रतिष्ठान संचालक को सुधार नोटिस भी जारी किया गया।
यह कार्रवाई सहायक आयुक्त खाद्य (द्वितीय), चंदौली के निर्देशन में की गई। टीम के अचानक पहुंचने से प्रतिष्ठान में हलचल मच गई। अधिकारियों ने आउटलेट के किचन, खाद्य सामग्री के भंडारण, साफ-सफाई, खाद्य सुरक्षा मानकों तथा संचालन व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा टीम ने पिज्जा के नमूनों को नियमानुसार सील कर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा। अधिकारियों ने बताया कि प्रयोगशाला की रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जांच के दौरान कुछ तकनीकी एवं संचालन संबंधी कमियां भी पाई गईं, जिसके आधार पर प्रतिष्ठान संचालक को सुधार नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। विभाग ने स्पष्ट किया कि समय पर सुधार नहीं होने की स्थिति में नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस विशेष अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमल निवास त्रिपाठी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरविंद कुमार तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी रणधीर सिंह यादव प्रमुख रूप से शामिल रहे।
सहायक आयुक्त खाद्य ने कहा कि जनस्वास्थ्य से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। खाद्य सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध औचक निरीक्षण, सैंपलिंग और विधिक कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराए जा सकें।





