
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
Varanasi: महिला सुरक्षा को लेकर जागरूकता ही सशक्तिकरण की पहली सीढ़ी है। इसी उद्देश्य से सोमवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत कोटवां चौकी क्षेत्र स्थित देववाणी महिला महाविद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस टीम ने छात्राओं से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और पुलिस की ओर से उपलब्ध सहायता सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल के आदेश-निर्देश के क्रम में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व थानाध्यक्ष लोहता दिगंबर उपाध्याय ने किया। इस दौरान पुलिस टीम ने छात्राओं को बताया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न, छेड़खानी अथवा असुरक्षा की स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस की मदद लेनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को विभिन्न महिला हेल्पलाइन नंबरों, मिशन शक्ति केंद्रों तथा महिलाओं की सहायता के लिए उपलब्ध पुलिस सेवाओं के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं से अपील की कि वे अपने अधिकारों और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक रहें तथा किसी भी आपात स्थिति में बिना झिझक पुलिस से संपर्क करें।
साइबर अपराध से बचाव को लेकर भी किया सचेत
पुलिस टीम ने छात्राओं को बढ़ते साइबर अपराध को लेकर विशेष रूप से जागरूक किया। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक न करने, संदिग्ध कॉल या मैसेज पर व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी साझा न करने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक इस्तेमाल करने की सलाह दी गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराध का शिकार होने पर घबराने या चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देना बेहद जरूरी है, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
“जागरूक रहें, सुरक्षित रहें” का दिया संदेश
पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों और पुलिस सहायता तंत्र के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान कोटवा चौकी प्रभारी गौरव सिंह सहित पुलिस टीम मौजूद रही। छात्राओं ने भी पुलिस अधिकारियों से विभिन्न सुरक्षा संबंधी विषयों पर संवाद किया और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
मिशन शक्ति के तहत आयोजित यह कार्यक्रम छात्राओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा के प्रति जागरूकता और साइबर सतर्कता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।





