
-बोले एसपी- पीड़ितों को न्याय दिलाना चंदौली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता, शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi.चंदौली आम जनता की शिकायतों और समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस कार्यालय में जनता दर्शन (जनसुनवाई) का आयोजन किया। इस दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी ने प्रत्येक फरियादी की बात को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित मामलों में न्यायोचित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
जनसुनवाई के दौरान कुल 31 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को संज्ञान में लेते हुए संबंधित राजपत्रित पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों से दूरभाष पर वार्ता की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाए और किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।
एसपी आकाश पटेल ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराना पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। पीड़ित व्यक्ति अपनी उम्मीद लेकर पुलिस के पास आता है, ऐसे में उसकी शिकायत को गंभीरता से सुनना और उसे न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई करना प्रत्येक पुलिस अधिकारी का दायित्व है।
उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई के दौरान पुलिस कार्यालय अथवा थानों में आने वाले प्रत्येक नागरिक, आवेदक और फरियादी के साथ शिष्ट, संवेदनशील एवं विनम्र व्यवहार किया जाए। शिकायतकर्ता की बात पूरी गंभीरता से सुनने के बाद मामले की वास्तविक स्थिति के आधार पर निष्पक्ष एवं विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देश दिया कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता पूरी न की जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण की गहराई से जांच कर शिकायतकर्ता को उचित राहत दिलाने का प्रयास किया जाए। संबंधित अधिकारी कार्रवाई पूरी होने के बाद उसकी आख्या भी प्रस्तुत करें, ताकि शिकायतों के निस्तारण की प्रभावी समीक्षा की जा सके।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाना सुनिश्चित करें।
जनता दर्शन के माध्यम से पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाएगा और प्रत्येक शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।





