
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi. चन्दौली जनपद में पेट्रोलियम पदार्थों की चोरी करने वाले गिरोह के खिलाफ अलीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इंडियन ऑयल डिपो के मुख्य गेट से करीब 100 मीटर पहले खड़े एक टैंकर से डीजल चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मौके पर छापेमारी कर करीब 100 लीटर चोरी का डीजल, लगभग 12 हजार लीटर डीजल/पेट्रोल से भरा टैंकर और तेल चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद आरोपी भागने में सफल रहे।
पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक अलीनगर गगनराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम सकलडीहा तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि इंडियन ऑयल डिपो के मुख्य गेट से लगभग 100 मीटर पहले खड़े टैंकर संख्या UP 45 T 3706 से डीजल चोरी किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोग चोरी का डीजल और उपकरण छोड़कर फरार हो गए।
मौके पर जांच के दौरान टैंकर के पिछले हिस्से के चैंबर का लॉक टूटा हुआ मिला और ढक्कन खुला था। उसमें पाइप लगाया गया था तथा टैंकर से डीजल का रिसाव हो रहा था। पुलिस ने मौके से करीब 100 लीटर चोरी का डीजल, दो भरे हुए 50-50 लीटर के प्लास्टिक गैलन, खाली गैलन, बाल्टियां, लोहे की हथौड़ी, पंच मशीन, पेचकश, 50 पिन और करीब 28 फीट प्लास्टिक पाइप सहित तेल चोरी में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण बरामद किए।
जांच में बरामद टैंकर के पंजीकृत वाहन स्वामी के रूप में मोहम्मद यासिन पुत्र मुर्तजा निवासी अलीनगर, चन्दौली का नाम सामने आया है। पुलिस को अन्य टैंकर चालकों से पूछताछ में जानकारी मिली कि वाहन स्वामी का ट्रांसपोर्ट कार्यालय घटनास्थल के नजदीक स्थित है और उसके ट्रांसपोर्ट से इंडियन ऑयल कंपनी में 22 टैंकर संचालित होते हैं। ऐसे में पुलिस इस पूरे मामले में वाहन स्वामी, टैंकर चालक, सहायक चालक और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।
मौके से फरार आरोपियों की पहचान चन्द्रमा चौहान उर्फ चन्दा निवासी बिछड़ी, मंगल चौहान निवासी मुगलचक और खलासी राजकुमार के रूप में हुई है। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
इस मामले में अलीनगर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 707/2026 के तहत बीएनएस की धारा 287, 316(3), 305(B), 317(2), 61(2) तथा पेट्रोलियम अधिनियम की धारा 23 में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल सभी संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उपनिरीक्षक योगेन्द्र नाथ यादव, उपनिरीक्षक अनिल कुमार यादव, कांस्टेबल आकाश सिंह, विजय कोरी, प्रवेश कुमार सिंह और चालक सत्येन्द्र सिंह शामिल रहे।





