
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी, 11 जुलाई। यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खानपान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के मंडल रेल प्रबंधक आशीष जैन ने शनिवार को बनारस–हडपसर (पुणे) अमृत भारत एक्सप्रेस के पेंट्रीकार का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान आईआरसीटीसी द्वारा संचालित पेंट्रीकार में खाद्य सामग्री के भंडारण, रेफ्रिजरेटर की कार्यस्थिति, पेयजल शुद्धीकरण प्रणाली, रसोई के बर्तनों की स्वच्छता, खाद्य निर्माण उपकरणों तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का बारीकी से परीक्षण किया गया।
डीआरएम आशीष जैन ने पेंट्रीकार में कार्यरत कर्मचारियों को निर्देश दिए कि भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता और हाइजीन के सभी निर्धारित मानकों का हर हाल में पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि यात्रियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना भारतीय रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव ने भी अधिकारियों को पेंट्रीकार की नियमित निगरानी करने तथा यात्रियों को बेहतर खानपान सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल ने दोहराया कि यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और बेहतर रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे निरीक्षण और गुणवत्ता जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।




