
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। चंदौली कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित ‘किसान दिवस’ में किसानों की समस्याओं पर गंभीर चर्चा हुई। डीएम ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में किसानों को उन्नत बीज, खाद (यूरिया व डीएपी) की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने, सहकारी समितियों की औचक जांच करने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति तथा खराब ट्रांसफार्मरों को 24–48 घंटे में बदलने का आदेश दिया गया।

सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए डीएम ने चंद्रप्रभा, मूसाखांड सहित नहरों की सिल्ट सफाई और टेल तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। किसानों द्वारा नहरों में सीवर के गंदे पानी के मिश्रण और अवैध अतिक्रमण की शिकायत पर डीएम ने सिंचाई विभाग, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और राजस्व विभाग को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
धान की रोपाई सीजन को देखते हुए सभी ट्यूबवेलों और पंपों की ब्लॉकवार सूची तैयार कर खराब इकाइयों को तुरंत ठीक कराने के निर्देश भी दिए गए। वहीं डीजल की कमी की शिकायत पर पूर्ति विभाग को तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया।
डीएम ने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसानों के कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शिकायतें लंबित रखने वाले अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई होगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, कृषि एवं अन्य विभागों के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।




