
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। चंदौली डीडीयू नगर 2026। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में बुधवार को राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तक आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में रेलकर्मियों और भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर से झंडा दिखाकर तिरंगा यात्रा को रवाना किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक कुलदीप, अपर मंडल रेल प्रबंधक सूरज कुमार, वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी नीरज कुमार सहित विभिन्न शाखाओं के अधिकारी और बड़ी संख्या में रेलकर्मी मौजूद रहे।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक उदय सिंह मीना ने कहा कि “तिरंगा हमारी राष्ट्रीय एकता और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपने दायित्व की भावना को मजबूत करने का अवसर देता है।” उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा में रेलकर्मियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता राष्ट्रीय गौरव और एकता की भावना को प्रदर्शित करती है।
हाथों में राष्ट्रीय ध्वज थामे रेलकर्मी पूरे उत्साह के साथ मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय से पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचे। यात्रा के दौरान ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। तिरंगा लहराते हुए प्रतिभागियों ने राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा में भारत स्काउट्स एंड गाइड्स के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम में और उत्साह भर दिया। रेलकर्मियों ने एकजुट होकर देश के प्रति अपने सम्मान और कर्तव्यबोध को व्यक्त किया।
डीडीयू मंडल की यह तिरंगा यात्रा स्वतंत्रता दिवस की उमंग के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाने का प्रेरक संदेश बन गई।




