-24 सितंबर को होगा वॉक-इन इंटरव्यू, GDMO को मिलेगा ₹95 हजार मासिक पारिश्रमिक
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल में कप्तानगंज हेल्थ यूनिट के लिए संविदा के आधार पर 01 पद (EWS) पूर्णकालिक मेडिकल प्रैक्टिशनर (जनरल ड्यूटी) को इंगेज किया जाना है। नियुक्ति 01 वर्ष अथवा नियमित चिकित्सक की उपलब्धता तक, जो भी पहले हो, की अवधि के लिए होगी। रेलवे बोर्ड के आदेशानुसार इस अवधि को घटाया अथवा बढ़ाया भी जा सकता है।
उक्त पद के लिए CMP जनरल ड्यूटी मेडिकल ऑफिसर (GDMO) का वॉक-इन इंटरव्यू 24 सितंबर 2026 (गुरुवार) को प्रातः 09:00 बजे मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, लहरतारा, वाराणसी में आयोजित किया जाएगा। मेडिकल प्रैक्टिशनर को वाराणसी मंडल के क्षेत्राधिकार में किसी भी स्थान पर पदस्थापित करने का अधिकार रेल प्रशासन के पास होगा।
₹95 हजार प्रतिमाह मिलेगा पारिश्रमिक
मेडिकल प्रैक्टिशनर (GDMO) को रेलवे बोर्ड के पत्र संख्या 2020/E(GR)II/1/3, नई दिल्ली, दिनांक 17.09.2024 के अनुसार राज्य सरकार द्वारा देय मासिक पारिश्रमिक के अनुरूप भुगतान किया जाएगा। GDMO को ₹95,000 प्रतिमाह, जिसमें मकान किराया भत्ता एवं परिवहन भत्ता सम्मिलित है, देय होगा।
पूर्व नियोजित सेवानिवृत्त चिकित्सकों के लिए मासिक पारिश्रमिक ₹46,000 प्रतिमाह होगा। हालांकि, रेम्यूनरेशन एवं पेंशन का योग किसी भी स्थिति में पूर्व चिकित्सक द्वारा प्राप्त किए गए अंतिम माह के वेतन से अधिक नहीं होगा।
शैक्षिक योग्यता एवं आयु सीमा
अभ्यर्थी के पास भारतीय चिकित्सा परिषद द्वारा मान्यता प्राप्त संस्थान से M.B.B.S. की डिग्री तथा 01 वर्ष की रोटेटरी इंटर्नशिप पूर्ण होना आवश्यक है। साथ ही भारतीय चिकित्सा परिषद अथवा किसी राज्य चिकित्सा परिषद में वैध पंजीकरण होना चाहिए।
01 सितंबर 2026 को अभ्यर्थी की अधिकतम आयु 60 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। सेवानिवृत्त रेलवे चिकित्सकों के लिए आयु सीमा नियमानुसार होगी। उनकी नियुक्ति अधिकतम 20 कार्यकाल अथवा 65 वर्ष की आयु तथा सेवानिवृत्त रेलवे चिकित्सकों के लिए 67 वर्ष की आयु प्राप्त करने तक, जो भी पहले हो, की जा सकती है। प्रत्येक कार्यकाल एक वर्ष से अधिक का नहीं होगा।
ओपन मार्केट से आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को नियमानुसार आरक्षण का लाभ मिलेगा, जबकि सेवानिवृत्त चिकित्सकों के लिए निर्धारित आयु सीमा में कोई छूट देय नहीं होगी।
ICU एवं चेस्ट विशेषज्ञों को प्राथमिकता
चयन के समय ICU/क्रिटिकल केयर यूनिट में कार्य का अनुभव रखने वाले चिकित्सकों तथा चेस्ट विशेषज्ञ चिकित्सकों को प्राथमिकता दी जाएगी। अन्य सरकारी संस्थान में कार्यरत चिकित्सकों को वॉक-इन इंटरव्यू के समय अपने विभाग द्वारा जारी अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC) प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर निर्धारित आवेदन-पत्र भरकर सभी वांछित प्रमाण-पत्रों एवं दस्तावेजों की स्व-हस्ताक्षरित प्रतियों के साथ प्रातः 09:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक उपस्थित होना होगा। निर्धारित समय के बाद उपस्थित होने वाले अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में सम्मिलित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
अन्य महत्वपूर्ण शर्तें
वॉक-इन इंटरव्यू में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों को विज्ञप्ति में वर्णित निर्देशों के अनुसार यह प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करना होगा कि वे किसी बीमारी से ग्रसित नहीं हैं। इस वॉक-इन इंटरव्यू के लिए किसी प्रकार का टी.ए./डी.ए. देय नहीं होगा तथा चयनित चिकित्सक को निजी प्रैक्टिस करने की अनुमति नहीं होगी।
चिकित्सकों को संविदा के आधार पर 01 वर्ष अथवा नियमित चिकित्सक की उपलब्धता तक, जो भी पहले हो, की अवधि के लिए इंगेज किया जाएगा। यह इंगेजमेंट 14 दिन का एकपक्षीय नोटिस देकर समाप्त किया जा सकता है। रेलवे के साथ अनुबंध करने वाले चिकित्सक को रेल सेवा में निरंतरता अथवा अनुबंध के स्वतः विस्तार का कोई दावा या अधिकार प्राप्त नहीं होगा।
नियुक्त मेडिकल प्रैक्टिशनर IRMM-2000 के पैरा 622(8) में ‘विशेष’ के रूप में वर्गीकृत ऑपरेशन्स को छोड़कर स्वयं के लिए निःशुल्क चिकित्सा सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। अनुबंध की अवधि के दौरान संबंधित रेलवे अस्पताल में सामान्य रूप से उपलब्ध सुपर स्पेशियलिटी सेंटर में स्वयं के उपचार की सुविधा भी प्राप्त कर सकते हैं।
आवेदन-पत्र का प्रारूप, पात्रता, नियम एवं शर्तों तथा अन्य विस्तृत जानकारी पूर्वोत्तर रेलवे की वेबसाइट www.ner.indianrailways.gov.in पर उपलब्ध है।




