
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा
वाराणसी। चन्दौली जनता की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान को लेकर चन्दौली पुलिस लगातार सक्रिय नजर आ रही है। इसी क्रम में सोमवार को पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने पुलिस कार्यालय में जनता दर्शन आयोजित कर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें पुलिस अधीक्षक के समक्ष रखीं। एसपी ने प्रत्येक प्रार्थना पत्र को गंभीरता से सुना और फरियादियों को न्यायोचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि पीड़ितों की समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण समाधान कर उन्हें न्याय दिलाना चन्दौली पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
पुलिस अधीक्षक ने प्राप्त शिकायतों के संबंध में संबंधित राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों से स्वयं वार्ता कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में आने वाले प्रत्येक नागरिक, आवेदक और फरियादी के साथ शिष्ट एवं विनम्र व्यवहार किया जाए तथा शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुनकर तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
एसपी आकाश पटेल ने स्पष्ट किया कि किसी भी फरियादी को अपनी समस्या के समाधान के लिए परेशान न होना पड़े। प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए, जिससे आम जनता का पुलिस व्यवस्था पर विश्वास और मजबूत हो सके।
जनसुनवाई के दौरान पुलिस अधीक्षक के समक्ष कुल 32 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। सभी शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।



