
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: चंदौली जनपद में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकिया पुलिस ने जुए के अड्डे पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने चन्द्रावती नाला के पास एक खाली खेत में चल रहे जुए के खेल का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को रंगेहाथ गिरफ्तार किया। मौके से पुलिस ने 45 हजार 670 रुपये नकद और ताश के 52 पत्ते बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, चन्द्रावती नाला के पास स्थित एक खाली खेत में कुछ लोगों द्वारा कथित रूप से जुआ खेलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में चकिया पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की योजना बनाई। पुलिस टीम ने जुए के अड्डे की घेराबंदी की और अचानक छापेमारी कर वहां जुआ खेल रहे पांच लोगों को पकड़ लिया।
पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर सभी पांचों आरोपियों को मौके से ही दबोच लिया। तलाशी और मौके की जांच के दौरान 45,670 रुपये नकद तथा ताश के 52 पत्ते बरामद किए गए। पुलिस ने बरामद नकदी और ताश के पत्तों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
इस कार्रवाई का नेतृत्व चकिया के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने किया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित जुए के अड्डों पर सक्रिय लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों और आसपास के क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। चकिया पुलिस की इस कार्रवाई को जुआ खेलने और खिलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
फिलहाल गिरफ्तार पांचों आरोपियों के विरुद्ध संबंधित विधिक कार्रवाई की जा रही है।




