
New Delhi: बैंक ग्राहकों को लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं में होने वाली संभावित परेशानी से बचाने के लिए सरकार ने 27 सितंबर 2026, रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों (RRB) को सामान्य रूप से खोलने का फैसला किया है। यह कदम 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल से पहले उठाया गया है।
भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने 27 सितंबर को सभी बैंक शाखाओं, कार्यालयों, एटीएम-लिंक शाखाओं और करेंसी चेस्ट को संचालित करने की अनुमति दी है। सरकार के मुताबिक इसका उद्देश्य ग्राहकों की बैंकिंग जरूरतों को पूरा करना और लगातार कई दिनों तक सेवाएं प्रभावित होने की स्थिति को कम करना है।
28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित है बैंक हड़ताल
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 से 30 सितंबर तक देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। यह हड़ताल मुख्य रूप से पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग को लेकर है। 26 और 27 सितंबर के सप्ताहांत अवकाश के साथ हड़ताल होने पर बैंकिंग सेवाओं पर लगातार कई दिनों तक असर पड़ने की आशंका थी। इसी को देखते हुए रविवार को बैंक खोलने का निर्णय लिया गया है।
पांच दिन की बैंकिंग व्यवस्था की मांग
बैंक यूनियनों की प्रमुख मांग है कि सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू की जाए और सभी शनिवार को अवकाश घोषित किया जाए। वर्तमान व्यवस्था में दूसरे और चौथे शनिवार को बैंक अवकाश रहता है।
यूनियनों ने परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) से जुड़ी मांग भी उठाई थी। सरकार ने कहा है कि PLI योजना को फिलहाल स्थगित रखा गया है। सरकार का कहना है कि इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा के बाद यह कदम उठाया गया और यूनियनों की प्रमुख चिंताओं में से एक का समाधान किया गया है।
सरकार ने बैंक यूनियनों से हड़ताल वापस लेने की अपील की
वित्त मंत्रालय ने बैंक कर्मचारियों और यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल वापस लेने की अपील की है। सरकार का कहना है कि बैंकिंग सेवाओं को निर्बाध बनाए रखना और ग्राहकों की सुविधा सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। सरकार और बैंक प्रबंधन ने यूनियनों से बातचीत के जरिए लंबित मुद्दों का समाधान करने का आग्रह किया है।
फिलहाल 28 से 30 सितंबर 2026 की हड़ताल का आह्वान कायम है। हालांकि हड़ताल से पहले रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुले रहने से ग्राहकों को जरूरी शाखा-आधारित बैंकिंग सेवाएं लेने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा।




