
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में सोमवार को मजदूरों एवं नियोक्ताओं को नवीन श्रम संहिताओं के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जागरूकता सह आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय श्रमायुक्त मुकेश तिवारी ने चारों नवीन श्रम संहिताओं—वेतन संहिता, औद्योगिक संबंध संहिता, सामाजिक सुरक्षा संहिता तथा व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता—के प्रमुख प्रावधानों और उनके क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा, कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों, स्वास्थ्य जांच, कल्याणकारी सुविधाओं, पंजीकरण प्रक्रिया तथा शिकायत निवारण प्रणाली के बारे में भी अवगत कराया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों द्वारा न्यूनतम वेतन, निश्चित अवधि के रोजगार और ई-श्रम पंजीकरण से जुड़े प्रश्न पूछे गए, जिनका विस्तारपूर्वक समाधान किया गया।
कार्यक्रम से पूर्व प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लालजी चौधरी ने क्षेत्रीय श्रमायुक्त मुकेश तिवारी का शॉल एवं प्लांटर भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया। इसके बाद कार्मिक विभाग के अधिकारियों के साथ नवीन श्रम संहिताओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अनुपालन पर विस्तृत चर्चा हुई।
मुख्य अतिथि एवं मुख्य संरक्षा अधिकारी जितेंद्र अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारी परिषद के प्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं ठेका श्रमिकों ने कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन सहायक कार्मिक अधिकारी पियूष मिंज ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी राज कुमार गुप्ता ने प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम को कर्मचारियों एवं अधिकारियों में नवीन श्रम संहिताओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनके प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना गया।




