
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: फ्लैट दिलाने के नाम पर 10.76 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले वांछित अभियुक्त को चितईपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। डीसीपी काशी जोन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी अविनाश उपाध्याय (38) को मंगलवार शाम करीब 6:35 बजे वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन ओवरब्रिज से गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी मूल रूप से महमूरगंज स्थित धनेश्वरी अपार्टमेंट का निवासी है। मामले में पीड़ित ने तहरीर देकर आरोप लगाया था कि प्रत्यक्ष इंफ्रा डेवलपर्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशकों ने उसकी पुत्री के नाम मौजा पटिया में 3 बीएचके फ्लैट बुक कराने के नाम पर उससे 10,76,000 रुपये लिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी न तो फ्लैट दिया गया और न ही रकम वापस की गई।
पीड़ित का आरोप है कि रुपये वापस मांगने पर आरोपितों ने उसके साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत के आधार पर चितईपुर थाने में मुकदमा संख्या 209/2026, धारा 316(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
11 मुकदमों का सामने आया रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार अविनाश उपाध्याय के खिलाफ पहले से 11 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें मंडुआडीह, रोहनिया और चितईपुर थानों में धोखाधड़ी, जालसाजी और धमकी समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।




