
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
Varanasi: काशी के अगस्तकुंडा क्षेत्र स्थित कालिया गली में लंबे समय से चली आ रही सीवर और जलभराव की गंभीर समस्या का नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्वयं मौके पर पहुंचकर जायजा लिया। स्थानीय नागरिकों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर आयुक्त के जमीनी निरीक्षण से क्षेत्रवासियों में समस्या के जल्द समाधान की उम्मीद जगी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, थोड़ी सी बारिश होते ही कालिया गली में भीषण जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। सीवर ओवरफ्लो होने के कारण गंदा पानी गलियों में भर जाता है, जिससे लोगों को आवागमन के साथ-साथ स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का भी सामना करना पड़ता है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय सभासद विजय द्विवेदी तथा नगर निगम और जलकल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से सीधे बातचीत कर समस्या की वास्तविक स्थिति जानी।
गोबर सीवर में बहाने से व्यवस्था हो रही चोक
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने अधिकारियों को बताया कि सीवर जाम होने की एक बड़ी वजह क्षेत्र में मवेशियों का गोबर सीधे सीवर लाइनों में बहाया जाना है। लोगों का आरोप है कि कुछ स्थानों पर गाय-भैंस पालने वाले लोग गोबर सीवर में डाल देते हैं। लगातार गोबर जमा होने से सीवर लाइनें चोक हो जाती हैं और बारिश के दौरान पानी की निकासी पूरी तरह प्रभावित हो जाती है।
स्थानीय लोगों ने नगर आयुक्त से इस समस्या का स्थायी समाधान कराने तथा सीवर में गोबर बहाने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग की। नगर आयुक्त के स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करने से क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि कालिया गली की वर्षों से चली आ रही सीवर और जलभराव की समस्या से जल्द राहत मिलेगी।




