
-भारतीय रेलवे हॉकी टीम ने इंडियन पुलिस को 4-1 से हराकर जीता स्वर्ण पदक, डीआरएम आशीष जैन ने किया सम्मानित
- वाराणसी मंडल ब्यूरो
वाराणसी। पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के लिए गौरव का क्षण है। बनारस स्टेशन के वाणिज्य विभाग में वरिष्ठ टिकट निरीक्षक के पद पर कार्यरत एवं प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ी अतुलदीप ने भारतीय रेलवे हॉकी पुरुष टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए 6वीं हॉकी इंडिया सीनियर डिपार्टमेंटल नेशनल चैंपियनशिप-2026 में शानदार प्रदर्शन कर स्वर्ण पदक जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
हैदराबाद में 4 से 14 सितम्बर 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर की कुल 20 टीमों ने प्रतिभाग किया। अतुलदीप ने भारतीय रेलवे टीम में मिडफील्डर की भूमिका निभाते हुए पूरे टूर्नामेंट में प्रभावी प्रदर्शन किया।
फाइनल मुकाबले में भारतीय रेलवे हॉकी टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए इंडियन पुलिस को 4-1 से पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। टीम की इस शानदार सफलता में अतुलदीप के प्रदर्शन का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।
इस उपलब्धि पर मंडल रेल प्रबंधक, वाराणसी श्री आशीष जैन ने 25 सितम्बर को अपने कार्यालय में अतुलदीप का स्वागत कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी।
डीआरएम श्री आशीष जैन ने कहा कि अतुलदीप की यह उपलब्धि पूरे वाराणसी मंडल और पूर्वोत्तर रेलवे के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने अपनी प्रतिभा, मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उनकी सफलता अन्य रेल कर्मचारियों एवं खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।
इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक सह क्रीड़ा अधिकारी श्री बालेंद्र पाल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सुश्री प्रशस्ति श्रीवास्तव एवं मंडल क्रीड़ा सचिव श्री सतीश नारायण सिंह ने भी अतुलदीप को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।





