
-सारनाथ में नाबालिग खिलाड़ियों से मारपीट और छेड़छाड़ का मामला, शिकायत के बावजूद मुकदमा दर्ज न होने पर उठे सवाल; पुलिस की भूमिका भी जांच के घेरे में
- वाराणसी मंडल ब्यूरो पंकज झा✍️
Varanasi. खेल के मैदान में गोल्ड मेडल जीतकर काशी का नाम रोशन करने वाली बेटियां अपने ही गांव में कितनी सुरक्षित हैं? यह सवाल सारनाथ थाना क्षेत्र के सराय मोहना अंतर्गत दिनापुर गांव में सामने आई घटना के बाद उठने लगा है। आरोप है कि योगा क्लास से घर लौट रही नाबालिग खिलाड़ियों के साथ कुछ युवकों ने अभद्रता, छेड़छाड़ और मारपीट की। घटना में बच्चियों को चोटें भी आईं। हैरानी की बात यह है कि पीड़ित बच्चियां पिछले महीने आयोजित सांसद खेलकूद प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं।
बताया जा रहा है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्चियों का हाल जानने और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हिंदू युवा वाहिनी, बजरंग दल के कार्यकर्ता तथा संस्थान से जुड़े लोग मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान दरोगा शैलेन्द्र सिंह ने वहां मौजूद लोगों के साथ बल प्रयोग किया। घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई और मौके पर उसके व्यवहार को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
सबसे गंभीर सवाल नाबालिग बच्चियों की शिकायत पर अब तक मुकदमा दर्ज नहीं होने को लेकर उठ रहा है। आखिर ऐसी कौन सी वजह है कि मारपीट और छेड़छाड़ जैसे गंभीर आरोपों के बावजूद प्राथमिकी दर्ज किए जाने की स्थिति स्पष्ट नहीं है? वहीं, यदि मौके पर पहुंचे लोगों के साथ पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया है तो उसकी निष्पक्ष जांच भी जरूरी है।
गोल्ड मेडल जीतकर जिले का गौरव बढ़ाने वाली बेटियों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसे मामलों में पीड़ित बच्चियों की बात संवेदनशीलता से सुनना, उनकी शिकायत पर नियमानुसार कार्रवाई करना और आरोपों की निष्पक्ष जांच करना आवश्यक है।
अब सवाल यह है कि नाबालिग खिलाड़ियों को न्याय कब मिलेगा? क्या सारनाथ पुलिस मारपीट और छेड़छाड़ के आरोपों में मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच करेगी? साथ ही पुलिस के कथित बल प्रयोग की जांच कर जिम्मेदारी भी तय की जाएगी? इन सवालों पर पुलिस प्रशासन का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।





