
- रिपोर्ट: अमित कुमार
अयोध्या। थाना कैंट क्षेत्र के निषाद नगर रेतिया मोहल्ले में मारपीट और चाकू से हमले के मामले को लेकर पीड़ितों ने एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर को शिकायती पत्र सौंपकर न्याय की मांग की है। शिकायत में बताया गया कि मोहल्ला निवासी मोनू निषाद पुत्र गंगासागर पर आरोप है कि वह आए दिन क्षेत्र की लड़कियों के साथ मारपीट करता है। आरोप है कि 14 अप्रैल 2026 को भी वह कुछ बच्चों को पीट रहा था, जिस पर मोहल्ले के लोग बीच-बचाव करने पहुंचे। इसी दौरान मोनू निषाद ने बड़े चाकू से लोगों पर प्राणघातक हमला कर दिया, जिससे कई लोग घायल हो गए।
पीड़ितों का कहना है कि घटना के संबंध में अपराध संख्या 148/26 के तहत रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं आरोप लगाया कि आरोपी की पत्नी प्रतिमा निषाद ने भी पलटकर पीड़ित पक्ष के लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया है, जिसमें सात नामजद व 10-15 अज्ञात लोगों को फर्जी तरीके से शामिल किया गया है।
शिकायतकर्ताओं ने कहा कि जिन लोगों का घटना से कोई संबंध नहीं था, उनके नाम भी रिपोर्ट में जोड़ दिए गए हैं। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर निर्दोष लोगों के नाम मुकदमे से हटाने की मांग की है। पीड़ितों ने यह भी बताया कि घटना के समय पास में आयोजित एक तेरहवीं कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने पूरी घटना देखी थी। उनका आरोप है कि दबंगई दिखाने के लिए इस प्रकार की वारदात को अंजाम दिया गया।
एसएसपी को शिकायती पत्र देने वालों में रोशनी निषाद, सोनाक्षी, मुन्नी देवी, बिंदु निषाद, बबलू, जितिन निषाद, मनीष निषाद, पप्पू निषाद, सचिन निषाद, मीनाक्षी, महक निषाद, अमर निषाद सहित कई अन्य लोग शामिल रहे।पीड़ितों ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।





