
- रिपोर्ट: अजय सोनकर
जौनपुर उत्तर प्रदेश सरकार के नगर विकास, ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत विभाग के मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने सोमवार को जनप्रतिनिधियों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ प्रशासनिक समन्वय समिति एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में बरसात, श्रावण मास में होने वाली कांवड़ यात्रा तथा जिले के विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।
प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और प्राथमिकता के आधार पर पूरे किए जाएं। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
बैठक में नगर निकायों को जलभराव रोकने, नालों-नालियों की नियमित सफाई, संचारी रोगों की रोकथाम के लिए व्यापक स्वच्छता अभियान, फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव प्रभावी ढंग से चलाने के निर्देश दिए गए।




