
- रिपोर्ट: पंकज झा
वाराणसी। प्रयागराज मंडल द्वारा विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के तहत चलाए जा रहे पर्यावरण संरक्षण अभियान के अंतर्गत सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन में स्टेशन परिसर में वृक्षारोपण किया गया तथा आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित वातावरण को बढ़ावा देना और स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाना रहा। रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संकल्प लेते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

रेलवे द्वारा 15 मई से 5 जून तक चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत स्टेशनों और कॉलोनियों में प्लास्टिक मुक्त परिसर, जल संरक्षण, ऊर्जा बचत, स्वच्छता और सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। यात्रियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से बचने, पुन: उपयोग योग्य वस्तुओं के इस्तेमाल और डिजिटल टिकटिंग अपनाने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है।





